Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj
महराजगंज। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए महराजगंज यातायात पुलिस ने तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ प्रभावी चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में गुरुवार को थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के परतावल-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर वाहनों की गति की निगरानी की गई।
यातायात पुलिस ने इंटरसेप्टर वाहन में लगे स्पीड राडार गन के माध्यम से सड़क पर गुजर रहे वाहनों की गति मापी। निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर स्वयं और अन्य राहगीरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए जागरूक किया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि तेज गति और लापरवाही से वाहन न चलाएं। सुरक्षित यातायात के लिए गति सीमा का पालन करें और सड़क पर जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं।