*घुघली में पुलिस पर गंभीर आरोप, कोर्ट ने उपनिरीक्षक समेत 22 अज्ञात पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज करने का दिया आदेश!*

Bureau Report/ News 18 Plus /Ghugli 

 

महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। दो महिलाओं की ओर से दाखिल प्रार्थना-पत्र पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने एक उपनिरीक्षक समेत 22 अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। महिलाओं ने पुलिसकर्मियों पर देर रात घर में जबरन घुसने, अभद्रता करने, धमकी देने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर प्रताड़ित करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

भूमि और रुपये के विवाद के बाद बढ़ा मामला

बताया गया कि पीड़ित महिलाओं के परिवार का गांव के ही एक व्यक्ति से भूमि और रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर 6 जून की रात दो लोगों के घायल होने की बात भी सामने आई थी। आरोप है कि इसी प्रकरण की कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मी महिलाओं के घर पहुंचे।

 

रात में घर में प्रवेश का आरोप

महिलाओं का आरोप है कि 1 से 2 बजे के बीच एक उपनिरीक्षक के साथ करीब 22 पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे। शिकायत में कहा गया है कि पुलिसकर्मियों ने बिना तलाशी वारंट दिखाए घर में प्रवेश किया। विरोध करने पर महिलाओं के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया।

 

शिकायत के मुताबिक, महिलाओं को बाथरूम तक जाने से रोकने के साथ धमकाया गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर प्रताड़ित किया गया। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि 10 जून की सुबह फोन के माध्यम से उन्हें धमकी दी गई, जिसके बाद परिवार में भय का माहौल बना रहा।

 

एसपी से शिकायत के बाद कोर्ट की शरण

पीड़ित महिलाओं ने पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ 12 जून को पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि पुलिस स्तर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।

 

प्रकरण की सुनवाई के दौरान महिलाओं की ओर से लगाए गए आरोप न्यायालय के समक्ष रखे गए। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने संबंधित उपनिरीक्षक समेत 22 अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।

आदेश के बाद पुलिस जांच पर निगाह

 

न्यायालय के आदेश के बाद अब प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले में पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामला सामने आने के बाद घुघली थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई और न्यायालय के आदेश को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *