*वन स्टॉप सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, आधी रात किशोरी के गायब होने से मचा हड़कंप!*

Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj 

 

महराजगंज। जिले में महिला एवं बाल सुरक्षा के लिए संचालित वन स्टॉप सेंटर से एक किशोरी के देर रात रहस्यमय परिस्थितियों में गायब होने का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह किशोरी के सेंटर में मौजूद नहीं होने की जानकारी मिलते ही विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। किशोरी की तलाश में पुलिस और जिला प्रोबेशन विभाग की टीमें जुट गई हैं।

 

जानकारी के अनुसार, बृजमनगंज पुलिस शुक्रवार रात एक किशोरी को बरामद कर वन स्टॉप सेंटर लेकर पहुंची थी। नियमानुसार किशोरी को सेंटर में रखा गया था। बताया जा रहा है कि रात करीब 11:30 बजे किशोरी सेंटर से बाहर निकल गई। सुबह जब कर्मचारियों को उसके गायब होने की जानकारी हुई तो अधिकारियों को सूचना दी गई।

 

इसके बाद पुलिस और जिला प्रोबेशन विभाग ने किशोरी की तलाश शुरू कर दी। सेंटर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किशोरी किस समय और किस रास्ते से सेंटर से बाहर निकली। साथ ही घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।

 

जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय ने बताया कि बृजमनगंज पुलिस शुक्रवार रात किशोरी को वन स्टॉप सेंटर लेकर आई थी। रात करीब 11:30 बजे उसके सेंटर से निकल जाने की जानकारी मिली है। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और किशोरी की तलाश की जा रही है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज भी देखी जा रही है।

 

किशोरी आखिर सेंटर से बाहर कैसे निकली और उस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में क्या चूक हुई, इसे लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस किशोरी की तलाश के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *