*शीतलापुर में 812 किलो चाइनीज लहसुन और 280 किलो तृतीय देशीय कद्दू बीज बरामद, दो गिरफ्तार!*

Bureau Report /Rajiv Tripathi /Nichlaul News 18 Plus /Co-Editor 

 

नेपाल से तस्करी कर लाए गए सामान का घरों में किया गया था अवैध भंडारण, SSB-पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई।

 

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (SSB), स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम शीतलापुर में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने नेपाल से तस्करी के जरिए लाए गए 280 किलोग्राम तृतीय देशीय कद्दू बीज और 812 किलोग्राम चाइनीज लहसुन बरामद कर जब्त कर लिया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीमा स्तंभ संख्या 502 से करीब 600 मीटर भारत की ओर ग्राम शीतलापुर में तस्करी के सामान के अवैध भंडारण की सूचना SSB की आसूचना शाखा को मिली थी। सूचना में उमेश पाल पुत्र चन्द्र पाल और संतोष पुत्र रामवृक्ष, दोनों निवासी ग्राम शीतलापुर के आवास पर तस्करी के सामान के रखे होने की जानकारी दी गई।

 

सूचना मिलते ही समवाय प्रभारी झूलनीपुर निरीक्षक शिव पूजन प्रसाद ने नायब तहसीलदार निचलौल पीयूष जायसवाल और स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद नायब तहसीलदार के नेतृत्व में SSB, स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई।

 

घरों में छिपाकर रखा था तस्करी का सामान

संयुक्त टीम ने 03 सितंबर 2026 को करीब तीन बजे ग्राम शीतलापुर स्थित संदिग्ध व्यक्तियों के आवासों पर नियमानुसार तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान 07 बोरियों में 40-40 किलोग्राम तृतीय देशीय कद्दू बीज, कुल 280 किलोग्राम, तथा 29 बोरियों में 28-28 किलोग्राम चाइनीज लहसुन, कुल 812 किलोग्राम, बरामद हुआ।

 

बरामद सामान को टीम ने मौके पर ही नियमानुसार जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के दौरान उमेश पाल और संतोष को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई संबंधित थाना और विभागीय स्तर पर की जा रही है।

तस्करी नेटवर्क पर नजर

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तृतीय देशीय सामान की तस्करी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं। शीतलापुर में हुई इस कार्रवाई के बाद अब यह भी जांच का विषय है कि तस्करी का सामान नेपाल से किस माध्यम से भारत पहुंचा और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *