अमावस्या पर दो माह के मासूम की बलि देने की थी साजिश, महराजगंज पुलिस ने दिल्ली से सकुशल बरामद किया बच्चा!

100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए महराजगंज से दिल्ली तक पहुंची पुलिस, कश्मीरी गेट बस स्टैंड से मासूम विक्की बरामद; दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार, पुलिस टीम को ₹25 हजार का इनाम।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज।

 

महराजगंज में दो माह के मासूम के अपहरण के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। अपहृत शिशु विक्की को पुलिस टीम ने नई दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि अंधविश्वास के चलते मासूम की अमावस्या के दिन बलि देने की साजिश रची गई थी। आगामी एक-दो दिनों में इस वारदात को अंजाम देने की योजना थी।

 

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना ठूठीबारी पुलिस, एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और डॉग ट्रैकर स्क्वायड की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

 

आधी रात घर से गायब हुआ था मासूम

 

जानकारी के अनुसार, ग्राम राजाबारी टोला रमजीता निवासी गोविन्द ने 3 नवंबर को थाना ठूठीबारी में सूचना दी थी कि वह अपनी पत्नी और दो माह के बेटे विक्की के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान रात करीब दो से चार बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर बच्चे को उठा ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कई टीमें गठित कीं और तत्काल तलाश शुरू कर दी।

 

सीसीटीवी ने खोला राज, दिल्ली तक पहुंची पुलिस

 

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सुबह करीब 3:57 बजे एक संदिग्ध महिला बच्चे को गोद में लेकर राजाबारी पुल से निचलौल रोड की तरफ जाती दिखाई दी। कैमरों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ठूठीबारी बस स्टैंड तक पहुंची। पूछताछ में पता चला कि महिला बस से शिकारपुर मोड़ पहुंची और वहां से घुघली की तरफ गई।

 

जांच में संदिग्ध महिला की पहचान सावित्री पत्नी स्वर्गीय उमेश राजभर निवासी ग्राम कफवा, थाना घुघली के रूप में हुई। इसके बाद सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने उसकी लोकेशन का पीछा करते हुए दिल्ली तक पहुंच बनाई। आखिरकार कश्मीरी गेट बस स्टैंड पर सावित्री अपने साथी करण कुमार गौतम के साथ बच्चे सहित मिली। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने बच्चे की तस्वीर परिजनों को भेजकर पहचान कराई। पिता ने बच्चे की पहचान अपने पुत्र विक्की के रूप में की।

 

अंधविश्वास में रची गई थी बलि देने की साजिश

 

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि मासूम का अपहरण कर अमावस्या के दिन उसकी बलि देने की योजना बनाई गई थी। उनका अंधविश्वास था कि ऐसा करने से सरस्वती का कई वर्षों से लापता पति और पुत्र वापस आ जाएंगे तथा परिवार में हो रही अकाल मृत्यु की घटनाएं बंद हो जाएंगी। पुलिस के अनुसार, नेपाल के बैरियहवा में एक कथित झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति द्वारा उन्हें ऐसा करने की सलाह दी गई थी। इसी अंधविश्वास में सावित्री और सरस्वती ने अपहरण की योजना बनाई, जिसमें सावित्री का दूसरा पति करण कुमार गौतम भी शामिल था।

 

दो महिलाओं समेत तीन अभियुक्त गिरफ्तार

 

पुलिस ने इस मामले में सावित्री पत्नी स्वर्गीय उमेश राजभर, सरस्वती पत्नी सदरी (55 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम कफवा थाना घुघली तथा करण कुमार गौतम (22 वर्ष) निवासी जनपद देवरिया को गिरफ्तार किया है।

 

बरामद मासूम को आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

 

पुलिस टीम को मिला 25 हजार रुपये का इनाम

 

इस सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, उपनिरीक्षक बृजेश पाण्डेय, आलोक कुमार राय, रमेश पुरी, दिनेश सिंह यादव, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्य, पुलिसकर्मी बलवन्त यादव, मृत्युंजय तिवारी, अरुण यादव, राजेश्वर मिश्रा, महिला कांस्टेबल प्राची वर्मा सहित एसओजी प्रभारी योगेश कुमार सिंह, स्वाट प्रभारी आशीष कुमार सिंह, सर्विलांस टीम और डॉग ट्रैकर स्क्वायड के विराट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

महराजगंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां एक मासूम की जान बच गई, वहीं पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के प्रभावी इस्तेमाल की भी सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *