सोनौली सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों को संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और नियमित गश्त करने के दिए निर्देश।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज
महराजगंज। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के मद्देनजर जिलाधिकारी महराजगंज एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शनिवार को थाना सोनौली क्षेत्र के अंतर्गत भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्र में तैनात पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता और ड्यूटी व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही सभी जवानों को पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने, नियमित रूप से गश्त करने तथा सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने त्योहार के दौरान आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।