*हज-2027 के यात्रियों की दो चरणों में होगी मेडिकल जांच, 15 सितंबर तक प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य!*

Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj

 

महराजगंज। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तन्मय ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से हज-2027 के चयनित यात्रियों के मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस को लेकर सर्कुलर-10 जारी किया गया है। इसके तहत चयनित हज यात्रियों को दो चरणों में मेडिकल स्क्रीनिंग और फिटनेस जांच कराना अनिवार्य होगा।

 

पहले चरण की जांच हज यात्रियों के चयन के बाद तथा दूसरे चरण की जांच उड़ान से पूर्व कराई जाएगी। प्रथम चरण में चयनित यात्रियों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप पर सरकारी चिकित्सा केंद्र में जांच कराने के बाद एलोपैथिक पद्धति के चिकित्सक से फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त करना होगा। इस संबंध में प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को भी शासन स्तर से निर्देश जारी किए गए हैं।

 

मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद सहित अन्य आवश्यक प्रपत्र 15 सितंबर 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि प्रमाण पत्र अपलोड करने के बाद उसकी प्रति और जांच रिपोर्ट सुरक्षित रखें, ताकि दूसरे चरण की जांच के समय इसे प्रस्तुत किया जा सके।

 

जांच के दौरान किसी भी बीमारी की जानकारी छिपाने से बचने की हिदायत दी गई है। जांच में अनफिट पाए जाने वाले यात्रियों की हज यात्रा निरस्त कर दी जाएगी और नियमानुसार धनराशि वापस की जाएगी। वहीं, यदि किसी यात्री द्वारा जानबूझकर बीमारी की जानकारी छिपाई गई और जांच में वह अनफिट पाया गया तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है तथा जमा धनराशि भी जब्त की जा सकती है।

 

जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने जनपद के हज-2027 पर जाने वाले सभी चयनित यात्रियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर मेडिकल जांच एवं आवश्यक प्रपत्रों की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *