*थाने में ‘10 हजार’ का कथित खेल! वायरल वीडियो ने मचाई खलबली*

Bureau Report /Narsingh Upadhyay, Deputy Editor /News 18 Plus/ Sinduriya 

 

महराजगंज। जिस थाने में फरियाद लेकर पहुंचने वालों को इंसाफ की उम्मीद होती है, वहीं से पैसों के कथित लेन-देन की आवाजें वायरल होने लगीं तो सवाल उठना लाजिमी है। सिंदुरिया थाने से जुड़ा बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है। वीडियो में एक महिला थाने के कथित हेड कांस्टेबल यादव पर मामले को रफा-दफा कराने के नाम पर रुपये मांगने का गंभीर आरोप लगाती सुनाई दे रही है। महिला के मुताबिक, उससे पहले 15 हजार रुपये मांगे गए और बाद में कथित तौर पर 10 हजार रुपये देने की बात कही गई।

वायरल वीडियो में पैसों को लेकर कथित बातचीत सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, वीडियो की सत्यता, उसमें सुनाई दे रही बातचीत और पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। सूत्रों के मुताबिक, मामला एक महिला और उसके किरायेदार के बीच मकान खाली कराने को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि इसी मामले को निपटाने अथवा कार्रवाई के नाम पर कथित रूप से पैसों की मांग की गई।

मामले में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या थाने के भीतर वास्तव में विवाद निपटाने के नाम पर रुपये मांगे गए थे? अगर हां, तो किसके इशारे पर? और यदि वीडियो अधूरा या भ्रामक है तो इसकी वास्तविक कहानी क्या है?

वीडियो सिंदुरिया थाने का ही है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि भी जांच के बाद ही हो सकेगी। लिहाजा फिलहाल महिला के आरोपों को आरोप के तौर पर ही देखा जा रहा है।

 

वायरल वीडियो ने पुलिस की साख पर सवाल जरूर खड़ा कर दिया है। अब निगाहें जांच पर टिकी हैं। जांच ही तय करेगी कि वायरल वीडियो के पीछे सच है, साजिश है या फिर किसी विवाद का अधूरा सच।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *