*20 घंटे की तलाश के बाद रोहिन नदी में मिला छात्र का शव!*

Bureau Report/ Rajiv Tripathi Maharajganj /News 18 Plus /Co-Editor 

 

त्रिमुहानी पुल से छलांग लगाने वाले कक्षा सात के हिमांशु यादव की मौत से मचा कोहराम।

 

महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के त्रिमुहानी पुल से रोहिन नदी में छलांग लगाने वाले कक्षा सात के छात्र हिमांशु यादव का शव बुधवार को बरामद कर लिया गया। कई घंटों तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद पनियरा थाना क्षेत्र के जर्दी गांव के भगड़ा टोले के पास रोहिन नदी में शव उतराता मिला।

 

शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान हिमांशु यादव के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

बताया गया कि छात्र ने बीते दिनों त्रिमुहानी पुल से रोहिन नदी में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद से ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीमें नदी में लगातार छात्र की तलाश कर रही थीं। काफी प्रयास के बाद बुधवार को उसका शव नदी से बरामद हो सका।

 

छात्र का शव मिलने की खबर से परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *