Bureau Report /Rakesh Tripathi Brijmanganj /News 18 Plus /Chief Editor
मुकदमा दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप, आरोपितों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग।
महराजगंज। क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही एक महिला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में प्रभावी कार्रवाई, गिरफ्तारी और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र की निवासी प्रार्थिनी के मुताबिक, उसने 26 अगस्त 2026 को क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी। आरोप है कि पोस्ट पर खुशियालजोत महुलानी निवासी एक व्यक्ति और उसके साथी नगर पंचायत बृजमनगंज के अवधनगर निवासी जवाहिर ने आपत्तिजनक टिप्पणी की। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसे कथित रूप से जान से मारने की धमकी भी दी गई।
प्रार्थिनी ने बताया कि शिकायत के बाद काफी प्रयासों के पश्चात 29 अगस्त 2026 को आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। हालांकि, महिला का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद कथित आपत्तिजनक गतिविधियों पर रोक नहीं लगी।
महिला के अनुसार, 2 सितंबर की शाम जवाहिर ने उसकी फोटो लगाकर सोशल मीडिया पर फिर से कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इससे वह भयभीत है और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है।
एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में महिला ने आरोप लगाया है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अभी तक आरोपितों को थाने नहीं बुलाया है और वे खुलेआम घूम रहे हैं। महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
मामले में पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।