*₹1.20 लाख की भैंस की करंट से मौत, किसान पर टूटा आर्थिक संकट!*

Bureau Report /News 18 Plus /Nautanwa 

 

गजराही में बिजली के करंट की चपेट में आने से हादसा, मुआवजे की आस में पीड़ित किसान।

महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र के ब्लॉक नौतनवा अंतर्गत ग्राम सभा गजराही में 3 सितंबर की शाम करीब पांच बजे बिजली के करंट की चपेट में आने से एक भैंस की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पशुपालक के सामने करीब 1.20 लाख रुपये के आर्थिक नुकसान का संकट खड़ा हो गया है।

 

पीड़ित पशुपालक जयराम यादव पुत्र संतू यादव ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही करीब एक लाख 20 हजार रुपये में भैंस खरीदी थी। वह भैंस को लेकर अपने कामकाज में जुटे थे, तभी अचानक बिजली के करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मायूसी छा गई।

 

घटना की सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। हालांकि पीड़ित किसान का कहना है कि अभी तक विभाग की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उसे हुए नुकसान का मुआवजा मिलेगा या नहीं।

 

जयराम यादव का कहना है कि महंगी कीमत पर खरीदी गई भैंस की अचानक मौत से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से घटना की निष्पक्ष जांच कराकर नुकसान का उचित आकलन कराने तथा नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।

 

अब देखना यह है कि हादसे के बाद बिजली विभाग और प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है और पीड़ित किसान को उसकी क्षति का उचित मुआवजा मिल पाता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *