Bureau Report /Rajiv Tripathi Siswa Kothibar /News 18 Plus /Co-Editor
महराजगंज। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में अदालत के निर्देश पर कोठीभार थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शादी का झांसा देकर किया शारीरिक शोषण
पीड़िता (40 वर्ष), निवासी खेसरारी मुसहरी टोला, सिसवा बाजार, थाना कोठीभार, जनपद महराजगंज ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के ही रमेश (45 वर्ष), पुत्र नरसिंह ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने रमेश से मंदिर में शादी करने को कहा तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसकी पिटाई कर दी। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पीड़िता को बचाया।
पंचायत की बात मानने से भी किया इनकार
घटना के अगले दिन गांव के गणमान्य लोगों ने पंचायत बुलाई। हालांकि, आरोपी रमेश ने पीड़िता से विवाह करने से स्पष्ट इनकार कर दिया। कुछ समय बाद 20 जून 2026 को पीड़िता ने दोबारा शादी की बात उठाई। आरोप है कि इस पर आरोपी ने लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। पीड़िता को गंभीर हालत में गाड़ी में बैठाकर मैनेजर की छावनी के पास छोड़ दिया गया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस के रवैये से आहत होकर पहुंची अदालत
पीड़िता का आरोप है कि घटना की शिकायत कोठीभार थाने में करने के बावजूद पुलिस ने न तो कोई कार्रवाई की और न ही उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया। आरोप है कि थाने में उस पर जबरन समझौता करने का दबाव बनाया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी गुहार लगाने के बाद कोई समाधान नहीं मिलने पर पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली।
न्यायालय के आदेश के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ खंड)/न्यायिक मजिस्ट्रेट, महराजगंज के आदेश पर कोठीभार थाने में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच उपनिरीक्षक संदीप कुमार वर्मा को सौंपी है।