जनसुनवाई में एसपी ने सुनीं फरियादें, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश!

थाना स्तर पर ही शिकायतों के समाधान पर जोर, महिला हेल्पडेस्क और जनसुनवाई व्यवस्था प्रभावी बनाने के निर्देश।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज। आमजन की समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान को लेकर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रभारी निरीक्षकों एवं थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण वहीं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से पुलिस कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।

 

उन्होंने थाना स्तर पर संचालित जनसुनवाई व्यवस्था और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना जाए तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए।

 

एसपी ने कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण पुलिस की जवाबदेही का महत्वपूर्ण हिस्सा है। थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता को समय से गुणवत्तापूर्ण समाधान मिले।

 

महराजगंज पुलिस द्वारा जनशिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुख बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *