सात मेडिकल स्टोरों पर एक साथ छापा, दवाओं के सैंपल व दस्तावेज जब्त! नशीली दवाओं के कथित भंडारण और बिक्री की शिकायत पर ड्रग विभाग की कार्रवाई, जांच के बाद आगे की कार्रवाई के संकेत।

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज। जिला अस्पताल के सामने मंगलवार देर शाम ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सात मेडिकल स्टोरों पर एक साथ छापेमारी की। नशीली दवाओं के कथित भंडारण एवं बिक्री, संदिग्ध दवाओं तथा बिलिंग से जुड़ी शिकायतों की जांच के लिए की गई कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया।

 

संयुक्त टीम ने इंदु फार्मा, विकास फार्मा, दिव्य फार्मा, ओम प्रगति फार्मा, प्रगति फार्मा, गीतांजलि मेडिकल और अनुष्का मेडिकल स्टोर की जांच की। अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक का खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेखों से मिलान किया। इस दौरान विभिन्न दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए गए।

 

टीम ने बिल, स्टॉक रजिस्टर सहित अन्य आवश्यक अभिलेख भी जांच के लिए अपने कब्जे में लिए। अधिकारियों ने दवाओं के रखरखाव, उपलब्ध स्टॉक और बिक्री से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की।

 

कार्रवाई के दौरान सीओ सदर अंकुर गौतम और ड्रग इंस्पेक्टर नवीन कुमार मौजूद रहे। पुलिस टीम ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जबकि ड्रग विभाग की टीम ने दवाओं और संबंधित अभिलेखों की जांच की। देर शाम तक चली कार्रवाई के चलते जिला अस्पताल के आसपास काफी देर तक हलचल बनी रही।

 

बताया गया कि महराजगंज शहर में कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम आगे की जांच के लिए दूसरे क्षेत्र की ओर रवाना हुई। अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और लिए गए दवाओं के नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *