हिंदू रक्षा दल ने 14 सूत्रीय मांगों को लेकर नौतनवा तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, महिलाओं की सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की मांग।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/नौतनवा, महराजगंज।
शारदीय नवरात्रि महोत्सव को लेकर हिंदू रक्षा दल ने प्रशासन से धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। संगठन की ओर से उप जिलाधिकारी के नाम नौतनवा तहसीलदार को 14 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया।
ज्ञापन में नौतनवा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मठ-मंदिरों तथा दुर्गा पंडालों के आसपास संचालित अंडा एवं मांसाहार की दुकानों पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा नवरात्रि के दौरान धार्मिक स्थलों एवं आयोजन स्थलों के आसपास शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की मांग की गई।
हिंदू रक्षा दल ने गरबा एवं नवदुर्गा आयोजनों में अराजक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने, आयोजकों एवं स्वयंसेवकों के सत्यापन, प्रवेश नियम एवं आचार-संहिता प्रदर्शित करने तथा आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग रखी।
ज्ञापन में सीसीटीवी कैमरों एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस निगरानी बढ़ाने, नशीले पदार्थों एवं धूम्रपान पर प्रभावी रोक तथा महिलाओं एवं बालिकाओं से छेड़छाड़ अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की मांग भी शामिल है।
हिंदू रक्षा दल विधानसभा अध्यक्ष सत्यम सोनी ने कहा कि नवरात्रि श्रद्धा और आस्था का प्रमुख पर्व है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में अभय जायसवाल, अमन पहलवान, अभिषेक मौर्य, अनुराग, नैतिक थापा, उपेंद्र यादव, शुभम कुमार, नारायण अग्रहरी, राहुल चौरसिया, धर्मेंद्र यादव, प्रदीप यादव, अमितेश, शिवम दुबे, देवेश तथा धीरज गौड़ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदू रक्षा दल ने कहा कि नवरात्रि जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग से आवश्यक सहयोग और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की अपेक्षा है।