*बच्चों की गुहार पर जागा प्रशासन, फरेंदा उत्तरी बाईपास पर जलभराव दूर कराने पहुंची नगर पंचायत की टीम!*

Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj 

 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तीन बच्चों का वीडियो, जिलाधिकारी के निर्देश पर जेसीबी से शुरू कराया गया जलनिकासी का कार्य; नाला निर्माण से स्थायी समाधान की उम्मीद।

महराजगंज, 11 अक्टूबर। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की सक्रियता एक बार फिर सामने आई। आनंदनगर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-11 स्थित फरेंदा उत्तरी बाईपास के पास सड़क पर जलभराव से परेशान तीन बच्चों की गुहार सोशल मीडिया के माध्यम से जिलाधिकारी तक पहुंची। वीडियो का संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पंचायत की टीम कर्मचारियों और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची और जलनिकासी का कार्य शुरू कराया।

 

दरअसल, सड़क पर पानी जमा होने से परेशान तीन बच्चों ने जलभराव के बीच खड़े होकर वीडियो बनाया था। इसमें वे समस्या का समाधान कराने की अपील करते नजर आए। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत आनंदनगर के अधिशासी अधिकारी को मौके पर पहुंचकर समस्या दूर कराने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पंचायत की टीम ने मौके पर पहुंचकर जलनिकासी की व्यवस्था कराई। अधिशासी अधिकारी के अनुसार, संबंधित क्षेत्र निचला होने के कारण अधिक बारिश होने पर यहां जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। फिलहाल पानी निकासी कर समस्या दूर करा दी गई है और सड़क पर आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

 

नाला निर्माण से मिलेगा स्थायी समाधान

 

नगर पंचायत प्रशासन ने बताया कि बजट की उपलब्धता के अनुसार सड़क के किनारे नाले का निर्माण भी कराया जाएगा, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रस्तावित नाला निर्माण जल्द पूरा होगा और बच्चों सहित राहगीरों को इस परेशानी से स्थायी निजात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *