Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj
बेबी किट और टूल किट का भी वितरण, प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर दिया जोर।
महराजगंज, 11 अक्टूबर। सेवा संकल्प 2026 अभियान के तहत रविवार को नवीन मंडी परिसर, महराजगंज में जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को विभिन्न सहायता सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ रहे। उन्होंने 50 बच्चों को लैपटॉप, 15 लाभार्थियों को बेबी किट तथा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, भाजपा पदाधिकारियों और अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए संचालित कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गरीबों, वंचितों, पिछड़ों और सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले लोगों सहित समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचारों से प्रेरणा लेकर पात्र लोगों के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
50 बच्चों को लैपटॉप, 35 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोबेशन विभाग की मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत वर्ष 2019 में माता-पिता की असामयिक मृत्यु से प्रभावित एवं आश्रित 50 बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए। इसका उद्देश्य बच्चों की शिक्षा और डिजिटल अध्ययन को बढ़ावा देना है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कन्या जन्म उत्सव के अवसर पर 15 लाभार्थियों को बेबी किट प्रदान की गईं।
वहीं, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से 14 लाभार्थियों को बैटरी चालित साइकिल और 20 लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल दी गईं। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
इसी क्रम में जिला उद्योग केंद्र की ओर से छह लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गईं। साथ ही उद्योग स्थापना के लिए ऋण स्वीकृति संबंधी सहायता भी प्रदान की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, सुगम आवागमन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर पात्र लोगों को आत्मनिर्भर बनाना रहा।
इससे पूर्व पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने जनकल्याणकारी योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी भोलानाथ कन्नौजिया, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, उपजिलाधिकारी सदर, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी दिव्यांगजन अधिकारी अभय पाण्डेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय सहित भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।