*अधिवक्ता को रास्ते में घेरकर पीटा, सोने की चेन छीनने का आरोप!*

Bureau Report/ News 18 Plus Satyam Soni /Nautanwa 

 

तहसील के दक्षिणी गेट के पास हुई घटना, कार्यालय पहुंचकर भी धमकाने का आरोप; भूमि विवाद की रंजिश बताई वजह।

 

नौतनवा। तहसील परिसर के दक्षिणी गेट के पास शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ लोगों ने एक अधिवक्ता को रास्ते में घेरकर कथित रूप से मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित अधिवक्ता ने हमलावरों पर गले से सोने की चेन छीनने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के पीछे पुराना भूमि विवाद बताया जा रहा है।

 

नौतनवा तहसील में वकालत करने वाले अधिवक्ता विजयेंद्र मणि त्रिपाठी के अनुसार, वह सुबह करीब 10:15 बजे अपने घर से तहसील स्थित कार्यालय जा रहे थे। आरोप है कि जैसे ही वह तहसील के दक्षिणी गेट के पास पहुंचे, कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया।

 

अधिवक्ता का आरोप है कि देखते ही देखते आरोपियों ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में उन्हें चोटें आईं। इसी दौरान आरोपियों द्वारा उनके गले से सोने की चेन छीन लिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

 

शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर अधिवक्ता को बचाया। आरोप है कि इसके बाद जब पीड़ित किसी तरह अपने कार्यालय पहुंचे तो हमलावर वहां भी पहुंच गए और अधिवक्ता तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

 

भूमि विवाद को बताया हमले की वजह

 

पीड़ित अधिवक्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि घटना के पीछे पुराना भूमि विवाद और उससे जुड़ी रंजिश है। उनका कहना है कि विवाद के चलते पहले से ही हमले की आशंका बनी हुई थी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

तहरीर मिली, जांच के बाद होगी कार्रवाई

 

इस संबंध में एसआई रोहित कुमार यादव ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस जांच के बाद ही मारपीट, चेन छीनने और धमकी के आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *