हेलमेट-सीट बेल्ट से लेकर ओवरस्पीडिंग और नाबालिगों के वाहन चलाने तक पर रहेगी पुलिस की नजर, 30 नवंबर तक चलेगा जागरूकता एवं चेकिंग अभियान।

यातायात माह में नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, महराजगंज पुलिस ने तैयार की विशेष कार्ययोजना 

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यातायात माह नवंबर-2026 के तहत पुलिस ने व्यापक जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश एवं यातायात निदेशालय के दिशा-निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में 1 नवंबर से 30 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए विस्तृत दिवसवार कार्ययोजना तैयार कर सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस को प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए हैं।

 

जागरूकता रैली निकालकर किया गया अभियान का शुभारंभ

 

यातायात माह का शुभारंभ 1 नवंबर को पुलिस कार्यालय से जागरूकता रैली निकालकर किया गया। पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित रैली में पुलिस विभाग के विभिन्न अंगों, मोटरसाइकिल एवं स्कूटी सवारों तथा महिला पुलिसकर्मियों ने सहभागिता की। रैली के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया।

 

बाजारों, अस्पतालों और प्रमुख चौराहों पर चलेगा अभियान

 

पुलिस की ओर से जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में अस्पतालों, बाजारों, बस एवं टैक्सी स्टैंड तथा प्रमुख चौराहों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वाहन चालकों को पम्पलेट वितरित कर सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जाएगा। होटल एवं ढाबों पर खड़े ट्रक और ट्रैक्टर चालकों को रात्रि में रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप के महत्व की जानकारी दी जाएगी। वहीं, मॉडिफाइड साइलेंसर और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के विरुद्ध चेकिंग कर कार्रवाई होगी। अवैध बस एवं टैक्सी स्टैंड हटवाकर उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और वाहन सीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

 

हेलमेट, सीट बेल्ट और ओवरस्पीडिंग पर विशेष नजर

 

अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने के लिए जागरूक किया जाएगा। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल, गलत दिशा में वाहन संचालन, ओवरस्पीडिंग, अनधिकृत हूटर-सायरन, शराब पीकर वाहन चलाने तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीकरण एवं नंबर प्लेट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलेगा। नाबालिगों के वाहन चलाने पर रोक लगाने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

 

राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर बढ़ेगी निगरानी

 

राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता अभियान चलाया जाएगा। सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों में रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप, सुरक्षित पार्किंग और रात्रिकालीन संचालन के नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं मालवाहक वाहनों में अनधिकृत रूप से सवारियां बैठाने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

 

स्कूल-कॉलेजों में प्रतियोगिताओं के जरिए जागरूक होंगे विद्यार्थी

 

यातायात नियमों के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने के लिए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में कार्यशालाएं, संवाद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

 

वाहन चालकों का होगा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

 

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से वाहन चालकों के निःशुल्क ब्लड प्रेशर और नेत्र परीक्षण की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा गुड सेमेरिटन यानी राहवीर योजना का प्रचार-प्रसार कर सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल सहायता देने और शीघ्र अस्पताल पहुंचाने के लिए आमजन को प्रेरित किया जाएगा।

 

एसपी ने अधिकारियों को दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

 

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार जागरूकता और प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। यातायात निरीक्षक को नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी गई है। 30 नवंबर को यातायात माह के समापन पर चित्रकला प्रतियोगिता का मूल्यांकन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

 

महराजगंज पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। नशे में वाहन न चलाएं, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के अमूल्य जीवन की सुरक्षा के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *