समय पर उपचार और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा होगी उपलब्ध, पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को लेकर महराजगंज पुलिस की सराहनीय पहल।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज
महराजगंज। पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महराजगंज पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। शनिवार, 07 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस लाइन महराजगंज में नवनिर्मित पुलिस चिकित्सालय का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जनपद की कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है। पुलिसकर्मियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस चिकित्सालय की स्थापना से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी। साथ ही समय पर उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त करने में भी सहूलियत होगी।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन, क्षेत्राधिकारी सदर, प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) पुलिस लाइन सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।