पिता का साया उठने और आर्थिक तंगी के बीच नहीं टूटने दिया हौसला, चिउटहा की एक्सीलेंस लाइब्रेरी में मिठाई खिलाकर साथियों ने दी बधाई।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज।
महराजगंज। कहते हैं कि मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है और हौसलों में उड़ान होती है। विपरीत परिस्थितियों, आर्थिक तंगी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संघर्ष करते हुए चिउटहा बाजार स्थित एक्सीलेंस लाइब्रेरी कोचिंग सेंटर के छात्र राकेश चौहान ने एसएससी जीडी परीक्षा में सफलता हासिल कर इस कहावत को सच साबित कर दिया है। उनकी यह कामयाबी न केवल परिवार के लिए खुशियों की सौगात है, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के लिए भी संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति की प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।
राकेश मूल रूप से ग्राम बेलवा, पोस्ट कैमा, थाना कोठीभार के निवासी हैं। उनके पिता शंकर चौहान का पहले ही निधन हो चुका है। चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर होने के कारण बड़ी बहन की शादी के बाद परिवार की जिम्मेदारियां भी उनके कंधों पर आ गईं। परिवार का भरण-पोषण मजदूरी के सहारे होता रहा। आर्थिक तंगी और पिता का साया सिर से उठ जाने के बावजूद राकेश ने अपने लक्ष्य से नजरें नहीं हटाईं।
राकेश वर्ष 2019 से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे थे। इस दौरान उन्हें कई बार आर्थिक संकट और पारिवारिक परिस्थितियों से जूझना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। लगातार छह वर्षों तक मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करते रहे। आखिरकार वर्ष 2026 में एसएससी जीडी परीक्षा में सफलता हासिल कर उन्होंने अपने संघर्ष को कामयाबी में बदल दिया।
राकेश की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही क्षेत्र के लोगों और शुभचिंतकों ने बधाइयां देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं एक्सीलेंस लाइब्रेरी में अध्ययनरत विनय यादव, शमसाद अंसारी, जहरुद्दीन अंसारी, इमामुद्दीन अंसारी, इद्रीश अली, संजना कसौधन, रामानुज पाण्डेय, हरिकेश कुमार, सुप्रिया गुप्ता और शैलपुत्री कसौधन ने राकेश का मुंह मीठा कराकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एक्सीलेंस लाइब्रेरी के निदेशक अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि राकेश की सफलता महज एक परीक्षा पास करने की कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष, धैर्य, मेहनत और आत्मविश्वास की जीवंत मिसाल है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य आर्थिक परिस्थितियों से जूझ रहे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। राकेश जैसे विद्यार्थियों की उपलब्धियां अन्य युवाओं को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती हैं।
राकेश ने अपनी सफलता से साबित कर दिया कि गरीबी और विपरीत परिस्थितियां सपनों की राह में बाधा जरूर बन सकती हैं, लेकिन मजबूत इरादों और निरंतर मेहनत के सामने वे कभी दीवार नहीं बन सकतीं।