आग की लपटों में समा गई एक एकड़ काला नमक धान की फसल, किसान को भारी नुकसान!

मेघौली खुर्द में खेत में अचानक लगी आग से मची अफरा-तफरी, पूर्व प्रधान मोहम्मद मुस्तकीम की पूरी फसल जलकर राख।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/निचलौल।

 

महराजगंज। निचलौल क्षेत्र के ग्राम सभा मेघौली खुर्द में अज्ञात कारणों से खेत में अचानक आग लगने से करीब एक एकड़ काला नमक धान की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से किसान की पूरी फसल बर्बाद हो गई, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा मेघौली खुर्द के पूर्व प्रधान मोहम्मद मुस्तकीम के खेत में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और खेत में लहलहा रही काला नमक धान की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। खेत से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

 

आग इतनी तेजी से फैली कि खेत में खड़ी पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में करीब एक एकड़ काला नमक धान की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। घटना के बाद किसान के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

 

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अचानक हुई इस घटना से किसान को काफी नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाए जाने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *