नाबालिग से दुष्कर्म और जातिसूचक टिप्पणी के मामले में अभियुक्त को आजीवन कारावास, 65 हजार रुपये जुर्माना!

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत महराजगंज पुलिस की प्रभावी पैरवी लाई रंग, पॉक्सो न्यायालय ने सुनाई सजा; जुर्माना नहीं देने पर तीन माह का अतिरिक्त कारावास।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज।

 

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत महराजगंज पुलिस की प्रभावी पैरवी से नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म करने तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के मामले में अभियुक्त को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। माननीय विशेष न्यायाधीश (अनन्य न्यायालय), पॉक्सो एक्ट, महराजगंज ने मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को दोषी अभियुक्त पर 65 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। जुर्माना अदा नहीं करने पर उसे तीन माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

 

पुलिस के अनुसार, थाना बृजमनगंज में वर्ष 2023 में मुकदमा अपराध संख्या 48/2023 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 354ख, 376एबी, पॉक्सो अधिनियम की धारा 5एम/16 तथा एससी-एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(5) में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में ग्राम बंदोह निवासी गोविंद साहनी पुत्र भुवनेश्वर साहनी पर वादिनी की नाबालिग पुत्री के साथ जबरदस्ती छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म करने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप था।

 

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में महराजगंज पुलिस ने अभियोजन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर मामले की न्यायिक प्रक्रिया के दौरान प्रभावी पैरवी की। न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत साक्ष्यों और अभियोजन पक्ष की पैरवी के आधार पर अभियुक्त को दोषसिद्ध करार दिया गया।

 

इस मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने को ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुलिस की प्रभावी पैरवी का परिणाम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *