शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने का आरोप, तीन लोगों पर धमकी देने की शिकायत; एफआईआर दर्ज!

शादी का रजिस्ट्रेशन कराने के बाद प्रक्रिया पूरी करने से मुकरने का आरोप, थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा के निर्देश पर शुरू हुई विवेचना।

 

 

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी की प्रक्रिया पूरी करने से मुकरने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने युवक समेत उसके भाई और पिता पर गाली-गलौज करने तथा परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती की तहरीर पर कोठीभार पुलिस ने 24 नवंबर को मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, करीब 20 वर्षीय युवती की पिछले एक वर्ष से सिसवा बाजार के चित्रगुप्तनगर दुर्गा मंदिर रोड निवासी गौरव अग्रवाल से बातचीत हो रही थी। आरोप है कि बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। पीड़िता का कहना है कि 15 जनवरी 2026 को युवक के बुलाने पर वह उससे मिलने गई थी। इस दौरान आरोपी कथित रूप से बीयर लेकर आया और खुद पीने के साथ उसे भी पिलाई। युवती ने इस घटना का वीडियो होने का भी दावा किया है। आरोप है कि नशे की हालत में युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

 

पीड़िता के मुताबिक, विरोध करने पर युवक ने जल्द शादी करने का भरोसा दिया और इसी आश्वासन पर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। शादी का दबाव बनाने पर वह टालमटोल करने लगा। आरोप है कि 4 सितंबर 2026 को दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद युवक शादी के लिए तैयार हुआ और 5 सितंबर को शादी का रजिस्ट्रेशन भी कराया गया।

 

युवती का आरोप है कि अब शादी से संबंधित आगे की औपचारिकताएं पूरी करने की बात आने पर युवक मुकर रहा है। इतना ही नहीं, गौरव अग्रवाल के साथ उसके भाई राघव अग्रवाल और पिता सतीश अग्रवाल पर भी गाली-गलौज करने तथा युवती और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

 

इस संबंध में थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर 24 नवंबर 2026 को मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रत्नेश कुमार मौर्य को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *