News 18plus Bureau/Sunoli
ननिहाल में छुट्टी बिताने आए एसएसबी हेड कांस्टेबल के बेटे के पेट में लगी गोली, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा उपचार; पुलिस ने शुरू की जांच और विधिक कार्रवाई।
महराजगंज। सोनौली थाना क्षेत्र के ग्राम जारा में लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने की घटना में 15 वर्षीय किशोर घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घायल किशोर को तत्काल उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार घायल किशोर शहजाद (15 वर्ष) थाना परसामलिक क्षेत्र के ग्राम मर्यादपुर का निवासी है। वह अपने परिवार के साथ ननिहाल ग्राम जारा आया हुआ था। उसके पिता मकबूल अहमद एसएसबी में हेड कांस्टेबल के पद पर जनपद बलरामपुर में तैनात हैं। वह छुट्टी पर परिवार के साथ अपनी ससुराल आए थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकबूल अहमद की लाइसेंसी पिस्टल लोड अवस्था में रखी हुई थी। इसी दौरान किशोर ने पिस्टल उठाकर उसके साथ छेड़छाड़ की, तभी अचानक गोली चल गई और उसके पेट में जा लगी। घटना के बाद आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले में 24 नवंबर को बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर से प्राप्त मेमो के आधार पर सोनौली पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।