मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत जनपद की युवा महिला उद्यमियों और महिला ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया

 

रिपोर्ट :राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग द्वारा जिला अस्पताल में कन्या पूजन किया गया।

महराजगंज जिले में आज मिशन शक्ति के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में महिला युवा उद्यमियों और ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया।

कलेक्ट्रेट सभागार में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर महिलाओं को जागरूक किया गया। उपस्थित महिलाओं को महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को सार्वजनिक जीवन में भी बढ़चढकर प्रतिभाग करने का अनुरोध किया।

विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिला को देवी का दर्जा प्राप्त है। इसलिए उत्तर प्रदेश सरकार ने नवरात्रि के शुभारंभ के साथ मिशन शक्ति 5.0 को भी शुरू किया है। सरकार आपकी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर प्रतिबद्ध है।

विधायक फरेंदा ने कहा कि हमारी संस्कृति, समाज और परिवार का आधार महिला ही होती है। इसीलिए भारतीय समाज में महिलाओं का विशेष स्थान है। मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। आशा है इससे महिलाएं अपने अधिकारों को जानेंगी और आगे बढ़ेंगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार और मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता महिला सुरक्षा और सम्मान है। इसी मंशा के अनुरूप जनपद में महिला सशक्तिकरण पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। इसी कड़ी में जनपद में 30 सितम्बर 2025 को महिलाओं और किशोरियों में एनीमिया समाप्त करने हेतु एनीमिया मुक्त महराजगंज का महाअभियान महाष्टमी के अवसर पर संचालित होगा। उन्होंने महिलाओं से अपील किया कि स्वयं भी इस अभियान का हिस्सा बनें और अन्य को भी इसके लिए प्रेरित करें।

मिशन शक्ति के अंतर्गत प्रोबेशन विभाग की ओर से जिला संयुक्त चिकित्सालय में कन्या पूजन और कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग चारु चौधरी ने कन्याओं का पूजन किया और उनकी माताओं को बेबी किट वितरित किया। उपाध्यक्ष ने कहा कि आज बेटियां बोझ नहीं हैं बल्कि माताओं की शक्ति हैं। इस अवसर पर उन्होंने नवजात कन्याओं का अन्नप्राशन किया और गर्भवती माताओं की गोदभराई की।

इसके अतरिक्त आज नगर पालिका महराजगंज में भी महिला सफाईकर्मियों को सम्मानित किया गया। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पुष्पलता मंगल और अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने महिला सफाईकर्मियों की प्रशंसा की और कहा कि आपके प्रयासों से स्वच्छ और स्वस्थ भारत का सपना साकार हो रहा है।

मिशन शक्ति 5.0 और स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें महिला मरीजों की जांच और उपचार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *