*पंद्रहवें सिसवा महोत्सव की रही ऐतिहासिक धूम, जूनियर गोविंदा ने अपनी अदाकारी से बांधा समा।*

ब्यूरो रिपोर्ट/सुनील कुमार पाठक  

सिसवा बाजार, महाराजगंज।

महाराजगंज सिसवा:गुरुवार को पंद्रहवें सिसवा महोत्सव का भव्य और रंगारंग शुभारंभ हुआ। सांस्कृतिक, संगीत और नृत्य से सजे इस महोत्सव ने पूरे नगर को उत्सव के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ फिल्मी जगत से जुड़ी मशहूर हस्तियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहे जूनियर गोविंदा, जिन्होंने मंच पर कदम रखते ही दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी चाल, अंदाज और डांस स्टाइल बिल्कुल अभिनेता गोविंदा की झलक लिए हुए था। जैसे ही उन्होंने “कोई हमें प्यार करे, कोई जान निसार करे” सहित कई सुपरहिट गीतों पर प्रस्तुति दी, पूरा पंडाल तालियों और सीटियों से गूंज उठा। दर्शक अपनी जगहों से उठकर झूमते और थिरकते नजर आए।

कार्यक्रम में सिसवा नगर ही नहीं बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी भारी संख्या में लोग पहुंचे। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल को भव्य रूप से सजाया गया था और सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही।

महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों ने लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की परंपरा और संस्कृति को जीवंत किया। उनकी प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

आयोजकों ने बताया कि सिसवा महोत्सव का आयोजन पिछले पंद्रह वर्षों से लगातार किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और लोगों को स्वस्थ एवं पारिवारिक मनोरंजन उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम का संचालन रोशन मद्धेशिया व उमेश जायसवाल ने किया।

इस दौरान अवधेश चौबे धीरेन्द्र प्रताप सिंह एन बी पाल प्रमोद गुप्ता शिव जी सोनी नागेन्द्र मल्ल गिरजेश जायसवाल संजय मद्धेशिया दीपक कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस क्षेत्राधिकारी निचलौल सहित आदि लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन से नगर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और देर रात तक दर्शक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। सिसवा महोत्सव एक बार फिर क्षेत्र के सांस्कृतिक कैलेंडर में अपनी विशेष पहचान बनाने में सफल रहा। इस कार्यकम के सफलता के लिए समिति के अध्यक्ष मनोज केसरी ने सबका धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *