*ध्वनि प्रदूषण पर पुलिस की सख्ती, 261 डीजे संचालकों को नोटिस!*

Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj 

 

39 अवैध लाउडस्पीकर हटाए, 95 की आवाज मौके पर कराई गई मानक के अनुरूप।

महराजगंज। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा और उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जनपद में ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए महराजगंज पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों, मैरिज हॉलों और डीजे संचालकों की जांच की गई।

 

अभियान के दौरान निर्धारित समय-सीमा और तय ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने वाले 261 डीजे संचालकों को चिन्हित कर नोटिस जारी किया गया। वहीं, बिना अनुमति अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत लगाए गए 39 लाउडस्पीकरों को मंदिरों और मस्जिदों से उतरवाकर हटाया गया।

 

जांच के दौरान 95 लाउडस्पीकरों की आवाज निर्धारित सीमा से अधिक पाए जाने पर मौके पर ही उनका वॉल्यूम कम कराकर मानक के अनुरूप कराया गया। पुलिस ने कार्रवाई के साथ ही स्थानीय धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों और डीजे संचालकों के साथ संवाद कर ध्वनि प्रदूषण से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तेज आवाज से वृद्धजनों, बीमार व्यक्तियों और छात्र-छात्राओं को होने वाली परेशानी को देखते हुए ध्वनि मानकों का पालन जरूरी है। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ध्वनि मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी विधिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *