ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी सिंदुरिया महराजगंज
प्रधान सम्पादक
“शिक्षा का सम्मान, शिक्षक को अधिकार — अब नहीं सहेंगे अन्याय!”
महराजगंज वित्तविहीन शिक्षक महासभा उत्तर प्रदेश की जिला इकाई महराजगंज की एक आवश्यक बैठक पायस प्राइमरी चिल्ड्रेन महराजगंज पब्लिक स्कूल, मुंडेरा कला में दिन में 12:30 बजे प्रारंभ हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य वित्तविहीन शिक्षकों एवं शिक्षण संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा करना तथा उनके समाधान हेतु रणनीति तय करना रहा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 6 जनवरी, बुधवार को वित्तविहीन शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष/सांसद महराजगंज श्री जयप्रकाश चौधरी से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दौरान मानदेय, सेवा सुरक्षा, भविष्य निधि, सम्मानजनक जीवन-यापन एवं स्थायी नीति लागू किए जाने जैसी प्रमुख मांगें रखी जाएंगी।
जिला इकाई ने जनपद महराजगंज के समस्त वित्तविहीन शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं संस्थान कर्मियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस कार्यक्रम को सफल बनाएं, ताकि शासन-प्रशासन तक उनकी आवाज मजबूती से पहुंच सके।
बैठक में प्रदेश एवं जिला स्तर के कई पदाधिकारी व शिक्षाविद् उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से दिग्विजय नाथ उपाध्याय उर्फ बावा ललित (प्रदेश उपाध्यक्ष), सोनू कुमार पटेल (जिलाध्यक्ष), अनिल चौधरी (उपाध्यक्ष), मोहर पांडेय (प्रदेश सचिव), दिलीप कुमार मिश्र (प्रदेश संगठन मंत्री), रामनरेश (प्रबंधक), सुरेन्द्र कुमार (प्रधानाचार्य), मोहन चौधरी (प्रधानाचार्य), कृष्ण गोपाल विश्वकर्मा (प्रधानाचार्य), कृष्ण गोपाल उपाध्याय (प्रधानाचार्य), राजकुमार सिंह, राहुल शर्मा (प्रवक्ता), दिवाकर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि जब तक वित्तविहीन शिक्षकों को उनका अधिकार और सम्मान नहीं मिलेगा, तब तक संगठन लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करता रहेगा।