ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज। जिले में शनिवार को पुलिस भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर कुल 4560 अभ्यर्थियों का पंजीकरण हुआ है। पहली पाली की परीक्षा सुबह से ही व्यवस्थित तरीके से शुरू हो गई।
परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महामाया पॉलिटेक्निक, राजकीय महाविद्यालय तथा जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज केंद्र पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा कक्षों में चल रही प्रक्रिया की गहनता से जांच की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए। किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के समय यह रहे मौजूद
परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और अन्य सुरक्षा कर्मी मुस्तैद रहे। प्रशासन की सख्त निगरानी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संचालित हो रही है।