ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 17 मार्च 2026 आगामी रामनवमी और नवरात्रि पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने थाना बृजमनगंज क्षेत्र स्थित लेहड़ा मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में यातायात रूट, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुरुष एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही बीडीओ और ईओ बृजमनगंज को मंदिर परिसर व आसपास साफ-सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने मंदिर के पास मोबाइल शौचालय और स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। स्वच्छता और व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने पार्किंग, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन को लेकर सीओ फरेंदा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही भीड़भाड़ वाले दिनों में महिला सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम फरेंदा शैलेन्द्र गौतम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।