राकेश त्रिपाठी/निचलौल महराजगंज
मुख्य सम्पादक
निचलौल (महराजगंज) थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांवों मिश्रौलिया, झुलनीपुर, बहुआर और छितौना समेत सभी मस्जिदों में शुक्रवार को जुम्मा अलविदा की नमाज अकीदत और खामोशी के साथ अदा की गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में रोजेदार नमाजियों ने मस्जिदों में पहुंचकर अल्लाह की इबादत की और रमजान के मुकद्दस महीने को अलविदा कहा।
पूरे एक महीने तक रोजा रखने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज के दौरान मुल्क की तरक्की, आपसी भाईचारे और अमन-शांति के लिए खास दुआएं मांगीं। साथ ही जकात और सदका के जरिए जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश भी दिया गया।
नूरी जामा मस्जिद में मौलाना अब्दुल रज्जाक ने जुम्मा अलविदा की नमाज अदा कराई, जबकि मौलाना परवेज अजीजी ने अपने बयान में सदका-ए-फितरा की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि ईद की नमाज से पहले इसे निकालकर गरीबों तक पहुंचाना हर सक्षम व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि मिश्रौलिया ईदगाह में ईद-उल-फितर की नमाज सुबह 8:30 बजे अदा की जाएगी।
नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। निचलौल थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में सभी प्रमुख मस्जिदों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की मुस्तैदी के बीच पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
प्रशासन की सतर्कता और लोगों की समझदारी से क्षेत्र में सौहार्द और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।