ब्यूरो रिपोर्ट/ नरसिंह उपाध्याय/ महराजगंज
उप सम्पादक
महराजगंज, 21 मार्च: विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर सोहागीबरवा वन प्रभाग द्वारा डीजीसी (डिस्ट्रिक्ट गवर्नमेंट कॉम्प्लेक्स), महराजगंज में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी के साथ स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का भी औपचारिक शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए इसे जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि वन और जल स्रोत पर्यावरण संतुलन के मूल आधार हैं। इनके संरक्षण के लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों को पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए क्विज और निबंध प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वन संरक्षण, जैव विविधता और स्वच्छता जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।