*गैस एजेंसी पर बवाल: बिना OTP सिलिंडर मांगने पर हिंसा, पुलिस की सख्ती से थमा हंगामा।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

उप सम्पादक 

परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल स्थित राज गैस एजेंसी पर गैस वितरण के दौरान भड़की अव्यवस्था अब कानून के शिकंजे में आ चुकी है। मामूली विवाद से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा, जिसके बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए 21 मार्च को गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।

 

बताया जा रहा है कि 20 मार्च की सुबह करीब 8 बजे बिना पर्ची और OTP के सिलिंडर लेने को लेकर कुछ युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि मनबढ़ तत्वों ने मारपीट के साथ पथराव तक कर डाला। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसने पुलिस प्रशासन को तुरंत एक्शन लेने पर मजबूर कर दिया।

 

घटना के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद अब भिटौली थाना क्षेत्र के बरगदही निवासी सोनकेश और श्यामदेउरवा क्षेत्र के बसवार निवासी कयामुद्दीन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में दबिश जारी है।

 

पुलिस की सख्ती में हुआ वितरण, लाइन में लगे उपभोक्ता

घटना के बाद एजेंसी परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। कांस्टेबल राजकुमार सिंह और लोकेश चौहान की निगरानी में उपभोक्ताओं को लाइन में खड़ा कर व्यवस्थित तरीके से पर्चियां काटी गईं और उसी आधार पर गैस सिलिंडर का वितरण कराया गया। अव्यवस्था रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश भी लागू किए गए।

एक हफ्ते की वेटिंग से उपभोक्ताओं में नाराजगी

एजेंसी सूत्रों के मुताबिक 16 मार्च की बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को 22 मार्च को सिलिंडर मिला, जबकि 17 मार्च की बुकिंग का वितरण 23 और 24 मार्च को किया जाएगा। इस देरी के चलते उपभोक्ताओं को लगभग एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे नाराजगी भी बढ़ रही है।

पुलिस का साफ संदेश—अराजकता बर्दाश्त नहीं

पुलिस ने साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एजेंसी पर अब हर गतिविधि पुलिस की निगरानी में हो रही है, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *