विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सख्त निर्देश!

बूथों की मूलभूत सुविधाओं, रूट चार्ट और संवेदनशील क्षेत्रों की होगी समीक्षा; डीएम बोले—निर्वाचन कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज।

 

महराजगंज, 23 नवम्बर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने अभी से कमर कसनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर अधिकारियों एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों की संक्षिप्त कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों, कार्यप्रणाली और आवश्यक तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

 

कार्यशाला में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मतदान केंद्रों का रूट चार्ट समय से तैयार कर लिया जाए तथा प्रत्येक बूथ पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर अधिकारी चेकलिस्ट के अनुसार मतदान केंद्रों पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटीज (एएमएफ) की उपलब्धता की जांच करें। सभी उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी संयुक्त बैठक कर वल्नरेबिलिटी मैपिंग को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करें। पूर्व में की गई वल्नरेबिलिटी मैपिंग की वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार समीक्षा भी अनिवार्य रूप से की जाए।

 

डीएम ने उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मूलभूत सुविधाओं, पहुंच मार्गों, संवेदनशील एवं कमजोर मतदाता क्षेत्रों का सत्यापन करने तथा आवश्यक सूचनाओं का संकलन करने का निर्देश दिया। वहीं, सेक्टर अधिकारियों के आवागमन के लिए वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन की संवेदनशीलता से सभी अधिकारी भली-भांति परिचित हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।

 

पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का भ्रमण कर वल्नरेबिलिटी एवं एएमएफ से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थैतिक निगरानी टीम (एसएसटी) और उड़नदस्ता टीम (एफएसटी) की तैनाती के लिए संभावित स्थलों की सूची तैयार करने को कहा। उन्होंने कानून-व्यवस्था का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सभी क्षेत्राधिकारियों को थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

 

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को उनके दायित्वों एवं निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए ईवीएम, वीवीपैट और मॉक पोल की प्रक्रिया, मशीनों के सुरक्षित परिवहन तथा मतदान दिवस पर नियमित निगरानी के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने आपसी समन्वय से आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई तथा मतदान के बाद निर्वाचन सामग्री एवं अभिलेखों को सुरक्षित जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

 

वहीं, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने चुनाव पूर्व की जाने वाली आवश्यक कार्यवाहियों से सेक्टर एवं पुलिस सेक्टर अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूरी करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

 

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सेक्टर अधिकारी, पुलिस सेक्टर अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *