आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती के नाम पर ठगी का खेल! पैसे देकर नियुक्ति कराने का दावा करने वालों से रहें सावधान!

मेरिट पोर्टल पर पहले ही दर्ज, अब किसी भी स्तर पर बदलाव संभव नहीं; जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अभ्यर्थियों को दलालों के झांसे में न आने की दी चेतावनी।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज।

 

महराजगंज, 23 नवम्बर। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका पद पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को लेकर ठगी का प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आई है। कुछ अराजक तत्व अभ्यर्थियों को पैसे लेकर नियुक्ति दिलाने अथवा नियुक्ति निरस्त कराने का दावा कर रहे हैं। इसको लेकर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अभ्यर्थियों को सतर्क रहने की अपील की है।

 

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है और विभागीय पोर्टल पर अभ्यर्थियों की मेरिट पहले ही दर्ज की जा चुकी है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत पोर्टल पर दर्ज मेरिट में किसी भी प्रकार का परिवर्तन या संशोधन किसी भी स्तर पर संभव नहीं है। ऐसे में पैसे लेकर नियुक्ति कराने अथवा किसी की नियुक्ति निरस्त कराने का दावा पूरी तरह निराधार और भ्रामक है।

 

उन्होंने अभ्यर्थियों को आगाह किया कि वे किसी भी व्यक्ति के बहकावे या झांसे में न आएं। नियुक्ति दिलाने के नाम पर किसी को भी नकद अथवा अन्य माध्यम से धनराशि न दें। विभाग में भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों और पारदर्शी व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराई जा रही है।

 

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अपील की कि यदि कोई व्यक्ति नियुक्ति के नाम पर धनराशि की मांग करता है या अनुचित लाभ दिलाने का प्रलोभन देता है, तो उसकी बातों में आने के बजाय तत्काल इसकी सूचना जिला कार्यक्रम अधिकारी को दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मेरिट में बदलाव और नियुक्ति को प्रभावित कराने का दावा करने वाले लोगों से सावधान रहना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *