ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी निचलौल
सह संपादक
महराजगंज, 23 मार्च 2026। जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई की गई, जहां फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 130 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अनुपस्थिति किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। इस दौरान उप कृषि निदेशक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य व सहायक निदेशक रेशम अनुपस्थित पाए गए।
एक दिन की डीएम बनीं छात्रा अनन्या दूबे
तहसील दिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायक पहल के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा अनन्या दूबे को ‘मिशन शक्ति 5.0’ के अंतर्गत एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। इस दौरान अनन्या ने समाधान दिवस में आए मामलों की सुनवाई की और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
अनन्या ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि डीएम की कुर्सी पर बैठकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों को नजदीक से देखा और इससे उन्हें भविष्य में बेहतर करने की प्रेरणा मिली है।
संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, तहसीलदार अमित सिंह, सीओ बसंत सिंह, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, बीडीओ शमा सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।