ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज, 24 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के उत्कृष्ट नौ वर्ष कार्यक्रम के तहत जिला सेवा योजन विभाग, महराजगंज के तत्वावधान में जवाहरलाल नेहरू स्मारक पी.जी. कॉलेज परिसर में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी और रोजगार पाने को लेकर उत्साह साफ नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि योगी सरकार के नेतृत्व में बीते नौ वर्षों में पारदर्शी तरीके से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि आज बड़ी कंपनियां खुद महराजगंज आकर युवाओं को नौकरी दे रही हैं। मेले में 22 कंपनियों द्वारा भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि कौशल विकास मिशन के तहत जनपद में अब तक 18 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि इस मेले में करीब 2400 युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया था।
उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके उज्जवल भविष्य की शुरुआत है और उन्हें अपने कौशल व मेहनत के दम पर आगे बढ़ना चाहिए।
जिलाधिकारी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए बताया कि मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और रोजगार से जोड़ा जा रहा है। मेले में बालिकाओं की उल्लेखनीय भागीदारी इस दिशा में सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने जानकारी दी कि जनपद में अब तक 174 से अधिक रोजगार मेलों का आयोजन किया जा चुका है, जिनके माध्यम से 17,524 से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।
विश्व टीबी दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की 125 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। इस उपलब्धि पर 125 ग्राम प्रधानों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि 18 से 26 मार्च तक आयोजित कार्यक्रमों में विभिन्न विभागों ने अपने कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया है। सेवायोजन, आईटीआई, कौशल विकास मिशन और जिला उद्योग केंद्र के संयुक्त प्रयासों से इस मेले का सफल आयोजन संभव हुआ।
मेले में कुल 1536 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिनमें से 915 का प्रारंभिक चयन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद, जिला सेवा योजन अधिकारी ईशान प्रकाश, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शांति शरण मिश्र ने किया।