रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय उपसंपादक
महराजगंज, 22 अप्रैल 2026 (बुधवार):होमगार्ड पदों पर एनरोलमेंट परीक्षा–2025 को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, पुलिस केंद्र प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों के साथ परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करें, ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न हो सके। उन्होंने सभी 11 परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण अनिवार्य बताते हुए वहां की व्यवस्थाओं की जांच करने और किसी भी कमी को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, मेडिकल टीम की उपलब्धता और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी केंद्रों पर प्रवेश द्वार के पास क्लॉक रूम बनाने और परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी की व्यवस्था करने को कहा गया। इसके अलावा केंद्रों के आसपास की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने और किसी भी प्रकार की अवैध वसूली रोकने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने नकलविहीन परीक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी अफवाह को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में परीक्षा प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया गया कि जनपद के 11 केंद्रों पर 25, 26 और 27 अप्रैल को कुल 6 पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। कुल 25,920 परीक्षार्थी इसमें शामिल होंगे, जिसमें प्रति पाली 4,320 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा से 2 घंटे पहले शुरू होगा और आधा घंटा पहले बंद कर दिया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, बीएसए ऋद्धि पांडेय, जिला युवा कल्याण अधिकारी वैभव सिंह, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, नायब तहसीलदार देश दीपक त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।