नेपाल में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी जीप, महराजगंज के 2 तीर्थयात्रियों की मौत, 19 घायल।

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी प्रधान संपादक 

 

महराजगंज/गोरखपुर, 24 अप्रैल 2026 नेपाल के प्यूछान जिले में गुरुवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में महराजगंज जनपद के तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक जीप गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा 23 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब तीर्थयात्रियों से भरा जीप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में सवार सभी लोग महराजगंज जिले के थाना भिटौली और थाना पनियरा क्षेत्र के ग्राम सेमरा राजा व सुखदेवपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम फरेंदा द्वारा सभी घायलों को सोनौली बॉर्डर पर रिसीव कर तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भिजवाया गया। शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे थाना प्रभारी भिटौली ने पुलिस बल की मदद से 9 एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

इस हादसे में ग्राम सेमरा राजा निवासी निर्मला (32 वर्ष) पत्नी करननाथ और उनकी 5 वर्षीय पुत्री काव्या की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

प्रशासन द्वारा मृतकों के संबंध में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है, वहीं घायलों के समुचित इलाज के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *