*नेपाल हादसे के घायलों का हाल जानने बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे डीएम-एसपी, बेहतर इलाज के दिए निर्देश।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ दिलीप कुमार पाण्डेय /महराजगंज

न्यूज 18प्लस संवाददाता 

महराजगंज, 24 अप्रैल 2026। आज बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संयुक्त रूप से भ्रमण कर नेपाल में हुई दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का हालचाल लिया। दोनों अधिकारियों ने इस दौरान घायलों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया तथा चिकित्सकों से उनके उपचार की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

 

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से वार्ता कर घायलों के समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार को सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने सभी घायलों को आवश्यक दवाएं, जांच एवं चिकित्सकीय देखभाल प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए।

 

प्रशासन की ओर से बेहतर समन्वय एवं त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक नायब तहसीलदार प्रद्युम्न सिंह एवं एक फार्मासिस्ट धर्मेंद्र त्रिपाठी की ड्यूटी मेडिकल कॉलेज में लगाई गई है। ये दोनों अधिकारी घायलों एवं उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग प्रदान कर प्रशासन और अस्पताल के बीच समन्वय स्थापित करेंगे।

 

भर्ती घायलों में से 6 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। चिकित्सकीय टीम द्वारा उनकी नियमित निगरानी की जा रही है।

 

इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने घायलों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *