औद्योगिक विकास में लापरवाही पर डीएम सख्त, पीएम सूर्य घर योजना सहित अन्य ममलों में बैंकों द्वारा ऋण पत्रावलियों के निस्तारण में हो रही देरी पर  जताई कड़ी नाराजगी! दी कार्रवाई की चेतावनी।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

महराजगंज, 28 अप्रैल 2026। कलेक्ट्रेट के बुद्धा सभागार में जिला उद्योग बन्धु समिति एवं औद्योगिक इकाइयों की कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए बैंकों द्वारा ऋण पत्रावलियों के निस्तारण में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई गई।

 

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना, निवेश मित्र पोर्टल तथा पीएम सूर्यघर योजना के तहत लंबित मामलों पर चर्चा करते हुए संबंधित बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया गया कि बिना कारण पत्रावलियां लंबित रखने पर कार्रवाई की जाएगी।

 

मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रतिदिन समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि जनपद में पेट्रोल, डीजल एवं गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 

बैठक में जानकारी दी गई कि ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के तहत 18 विभागों द्वारा 188 इकाइयों के एमओयू हस्ताक्षरित हुए हैं, जिनमें 2391 करोड़ रुपये का निवेश और 10,490 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

 

एनआरएलएम समितियों के खाते न खोलने पर भी नाराजगी व्यक्त की गई और बैंकों को तत्काल खाता खोलने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 32 आवेदन भेजे गए हैं, जिनमें से 7 स्वीकृत हुए और एक का वितरण किया जा चुका है।

 

निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त 13,504 आवेदनों में से 13,308 का निस्तारण किया जा चुका है। एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं और वित्तीय लक्ष्य 104 लाख रुपये निर्धारित किया गया है।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रबंधक एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *