*मुंडन संस्कार में शामिल होने आई छह साल की मासूम से दरिंदगी, इलाज के दौरान टूटी जिंदगी की डोर!*

News 18 Plus Bureau/Chowk

 

गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार सुबह 10 बजे बच्ची ने तोड़ा दम, मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम; दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया!

 

 

महराजगंज। जिले के चौक थाना क्षेत्र से सामने आई एक हृदयविदारक घटना ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। पारिवारिक समारोह में शामिल होने आई छह वर्षीय मासूम के साथ कथित दरिंदगी के बाद उसकी जिंदगी बचाने की तमाम कोशिशें नाकाम हो गईं। गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती बच्ची ने शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना को लेकर गांव से लेकर पूरे इलाके तक गहरा दुख और आक्रोश व्याप्त है।

 

जानकारी के मुताबिक, बीते 18 नवंबर को चौक थाना क्षेत्र के एक गांव में मुंडन संस्कार का आयोजन था। इसी समारोह में छह वर्षीय बच्ची अपने परिजनों के साथ शामिल होने पहुंची थी। आरोप है कि रात करीब साढ़े सात बजे समारोह में खाना बनाने आया एक युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर घर के समीप स्थित बगीचे में ले गया और उसके साथ जघन्य अपराध को अंजाम दिया। काफी देर तक बच्ची के नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान बगीचे की ओर से रोने की आवाज सुनाई दी। परिजन जब वहां पहुंचे तो आरोपी मौके से फरार हो चुका था।

 

घटना के बाद परिजन बच्ची को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठौरा लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेजा गया। हालत अत्यंत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने बच्ची को बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां कई दिनों तक उपचार चला, लेकिन शुक्रवार सुबह उसकी सांसें थम गईं।

 

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए चौक थानाध्यक्ष मनीष कुमार पटेल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। गुरुवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। परिजनों की शिकायत के आधार पर चौक थाने में मुकदमा अपराध संख्या 216/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 5M/6 के तहत कार्रवाई की।

 

पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी छोटेलाल चौधरी उर्फ दिलबहार (33), निवासी मधुबनी बड़का टोला, थाना चौक की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद थानाध्यक्ष मनीष कुमार पटेल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बृजभान यादव और कांस्टेबल अभय कुमार सिंह की टीम ने 19 नवंबर को खजुरिया मोड़, ग्राम दरहटा से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

 

एक मासूम की मौत ने खड़े किए गंभीर सवाल

 

छह साल की बच्ची, जिसे अभी दुनिया की समझ भी नहीं थी, उसकी इस तरह हुई मौत ने हर संवेदनशील व्यक्ति को भीतर तक झकझोर दिया है। जिस पारिवारिक आयोजन में खुशियों का माहौल होना चाहिए था, वही समारोह एक परिवार के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गया। मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश भी है। अब सभी की निगाहें मामले की न्यायिक प्रक्रिया और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की दिशा में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *