*नुक्कड़ नाटक में यमराज ने युवाओं को दी चेतावनी, बोले- हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का करें पालन!*

News 18 Plus Bureau/Maharajganj

 

सड़क सुरक्षा पखवाड़े के पांचवें दिन चला जागरूकता अभियान, यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 155 वाहनों के चालान।

 

 

महराजगंज, 20 नवंबर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा पखवाड़े के पांचवें दिन जनपद के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान कलाकारों ने रोचक प्रस्तुति देकर राहगीरों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व तथा सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश दिया।

 

नुक्कड़ नाटक में यमराज का किरदार लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। यमराज ने विशेष रूप से युवाओं को चेतावनी देते हुए हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने संदेश दिया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की जिंदगी का भी ख्याल रखना जरूरी है।

 

वहीं, अभियान के तहत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एवं यात्री/मालकर अधिकारी द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई। इस दौरान विभिन्न अभियोगों में करीब 155 चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 95, बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने पर 15, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर 09 तथा ओवरस्पीडिंग के 11 चालान शामिल हैं। शेष चालान अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर किए गए।

 

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को मानक हेलमेट पहनना चाहिए। वहीं चार पहिया वाहन में चालक सहित सभी यात्रियों को सीट बेल्ट का प्रयोग करना अनिवार्य है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल और निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं।

 

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा जिम्मेदार नागरिक बनकर यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने कहा कि आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी की जिंदगी बचा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *