News 18 Plus/ Bureau/Sinduri
न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट पर हुई कार्रवाई, सबया-खड्डा मार्ग स्थित गुरली मोड़ से हुई गिरफ्तारी; अभियुक्त के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज।
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंदुरिया पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को थानाध्यक्ष अनूप कुमार तिवारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनोज कुमार यादव पुलिस टीम के साथ न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के अनुपालन में कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान जिला एवं सत्र न्यायालय महराजगंज से जारी वारंट, सेशन केस संख्या 678/2021, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के मामले में वांछित अभियुक्त दीपू उर्फ डीके (28 वर्ष) पुत्र अरविन्द उर्फ सिब्बन, निवासी सबया, थाना कोठीभार को सबया-खड्डा मार्ग स्थित सबया गुरली मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली एवं सिंदुरिया थाने में लूट, चोरी, धोखाधड़ी, मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार यादव, चौकी प्रभारी चिउटहां तथा कांस्टेबल दुर्गेश चौरसिया शामिल रहे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।