*वर्दी की आड़ में वायरल रील! पुलिस बनी सख्त — इंफ्लुएंसर पर मुकदमा दर्ज, अब कानूनी शिकंजा कसा।*

Bureau Report/ Narsingh Upadhyay Maharajganj /Sub Editor 

 

महराजगंज जनपद में सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग करना एक इंफ्लुएंसर को भारी पड़ गया। पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आजाद नगर निवासी इंफ्लुएंसर अजिजा शेख के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई तेज कर दी गई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजिजा शेख ने दारोगा (सब-इंस्पेक्टर) की वर्दी पहनकर एक भोजपुरी गाने पर रील बनाई थी, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। वीडियो में पुलिस की वर्दी और शासकीय प्रतीकों का अनुचित एवं अनधिकृत उपयोग किया गया, जिससे विभाग की गरिमा पर सवाल खड़े हुए।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने इसे यूपी पुलिस की अस्मिता से जुड़ा विषय मानते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरक्षी अजय कुमार पांडेय की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया।

 

पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि पुलिस की वर्दी, बैज, प्रतीक चिन्ह या किसी भी शासकीय पहचान का बिना अनुमति उपयोग कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए कानून और संस्थाओं की गरिमा से खिलवाड़ न कर सके।

 

पुलिस ने आम जनता को भी चेतावनी दी है कि वे किसी भी प्रकार से पुलिस वर्दी या सरकारी प्रतीकों का अनधिकृत इस्तेमाल न करें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *