Bureau Report /Anubhav Patel /Maharajganj News 18 Plus/ Correspondent
महराजगंज, 03 मई 2026 मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत महराजगंज पुलिस द्वारा जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में “बहू-बेटी सम्मेलन” का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण तथा जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में वे बिना किसी संकोच के पुलिस सहायता ले सकती हैं। इस दौरान 112, 1090, 102, 108 और 181 जैसे हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी देते हुए उनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
सम्मेलन में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करते हुए इनके दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला गया।
महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से महिलाओं ने खुद को सुरक्षित और सहज महसूस किया। उन्होंने खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं और ऐसे आयोजनों को उपयोगी बताया। महिलाओं का कहना था कि इस तरह के कार्यक्रमों से उन्हें सीधे पुलिस तक अपनी बात पहुंचाने का अवसर मिलता है, जिससे उनके भीतर विश्वास और सुरक्षा की भावना और मजबूत होती है।