रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज
जनपद में अभियोजन कार्यों को प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा पुलिस कार्यालय स्थित तथागत सभागार में समस्त थानों के सत्र न्यायालय एवं अवर न्यायालय के पैरोकारों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी के दौरान वर्ष 2025 एवं 2026 की काज लिस्ट तथा पैरवी रजिस्टर में की गई प्रविष्टियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान न्यायालयों में लंबित वादों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने, अभियोजन साक्ष्यों की समय पर उपलब्धता, गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा वादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पैरोकारों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करें तथा न्यायालयी कार्यवाही में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। साथ ही अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव और प्रभावी अनुश्रवण पर विशेष जोर दिया गया।
गोष्ठी में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियोजन कार्यों में और अधिक सुधार लाने के लिए प्रेरित किया गया।