Bureau Report /Rajiv Tripathi /Kothibahar News 18 Plus/ Co-Editor
महराजगंज जनपद के थाना कोठीभार पुलिस द्वारा मंगलवार को मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीम, एंटी रोमियो टीम एवं साइबर टीम ने कस्बा मार्केट, बस स्टैंड और उच्च प्राथमिक संविलयन विद्यालय हेवाती में छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को जागरूक किया।
कार्यक्रम में पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को नए कानूनों की जानकारी देते हुए महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए हर महिला को अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी होना जरूरी है।
अभियान के दौरान महिला हेल्पलाइन नंबर 181, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 102 एवं 108 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो एक्ट एवं मिशन शक्ति से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की। इसके अलावा बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ महिलाओं एवं छात्राओं को जागरूक करते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं एवं महिलाओं ने पुलिस टीम के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे सुरक्षा और जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।