Bureau Report /Rajiv Tripathi/ Nichlaul News 18 Plus /Co-Editor
अमड़ी गांव के पास हुआ हादसा, गंभीर हालत में बच्ची और पिता जिला अस्पताल रेफर।
महराजगंज। निचलौल-झूलनीपुर मार्ग पर सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अमड़ी गांव के पास तेज रफ्तार से जा रहा एक टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार पिता-पुत्री समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल भेजा गया। घायलों की पहचान शीतलापुर निवासी शीला देवी (35) पत्नी गुड्डू, खोनहौली निवासी बृजमोहन (23) पुत्र जुगत तथा उनकी आठ वर्षीय बेटी लक्ष्मी के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टेंपो काफी तेज रफ्तार में था। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे टेंपो सड़क पर पलट गया। हादसे में कई यात्रियों को चोटें आईं, जबकि बृजमोहन और उनकी मासूम बेटी लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीएचसी निचलौल में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर पिता-पुत्री को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं शीला देवी का इलाज निचलौल सीएचसी में जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।